सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता और सेवा का सशक्त माध्यम : अमित शाह


लखनऊ में आयोजित विशाल सामूहिक विवाह समारोह के लिए नेशनल ऑर्गनाइजेशन वर्ल्ड पीस मिशन को दी बधाई, नवदंपतियों को सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं

लखनऊ। नेशनल ऑर्गनाइजेशन वर्ल्ड पीस मिशन की ओर से लखनऊ स्थित मान्यवर श्री कांशीराम जी सांस्कृतिक स्थल में आयोजित किए जा रहे विशाल सामूहिक विवाह समारोह के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने संस्था के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा समाज के प्रबुद्धजनों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने परिणय सूत्र में बंधने जा रहे सभी नवदंपतियों को स्वस्थ, सुखी एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

अपने संदेश में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल संकल्प को धरातल पर साकार करने में समाज आधारित जनकल्याणकारी आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकजुटता और समरसता को मजबूत करने के साथ ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद एवं वंचित परिवारों को संबल प्रदान करते हैं।


उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि दो परिवारों, परंपराओं और संस्कारों का पवित्र संगम है। सामूहिक विवाह जैसी पहल दहेज प्रथा सहित विभिन्न सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा बेटियों को सम्मान और गरिमा के साथ जीवन प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। लोककल्याण की इसी सेवा भावना से सशक्त, समरस और विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार तैयार होता है।

अपरिहार्य प्रतिबद्धताओं के कारण समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो पाने पर अमित शाह ने कहा कि उनकी भावनात्मक सहभागिता इस पुनीत आयोजन के साथ है। उन्होंने नेशनल ऑर्गनाइजेशन वर्ल्ड पीस मिशन के सभी पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को इस प्रेरणादायी पहल के लिए पुनः बधाई देते हुए विश्वास जताया कि संस्था भविष्य में भी समाज के वंचित वर्गों के जीवन में आशा, सम्मान और विश्वास का प्रकाश फैलाने का कार्य करती रहेगी।