जयप्रकाश नगर में विचार गोष्ठी व प्रतिभा सम्मान
बलिया, 8 अक्टूबर। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 125वीं जयंती वर्ष के शुरू होने पर जयप्रकाश नगर, बलिया में 11 अक्टूबर को प्रतिभा सम्मान एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। सुबह छात्र-छात्राओं की प्रभातफेरी से कार्यक्रम का आगाज होगा।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए जयप्रकाश नारायण स्मारक ट्रस्ट के सचिव और विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह 'पप्पू' ने बताया कि विचार गोष्ठी के मुख्य वक्ता गांधी शांति प्रतिष्ठान के अध्यक्ष कुमार प्रशांत होंगे। विशिष्ट वक्ता के रूप में महात्मा गांधी अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय वर्धा के पूर्व कुलपति प्रो. के. के. सिंह और श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह उपस्थित रहेंगे।कार्यक्रम का आयोजन जयप्रकाश नारायण स्मारक ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया जाएगा।
रविशंकर सिंह 'पप्पू' ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री जननायक चंद्रशेखर का जन्मशताब्दी वर्ष चल रहा है और 11 अक्टूबर से लोकनायक जयप्रकाश नारायण का 125वीं जन्मशती वर्ष आरम्भ हो जाएगा। जननायक चन्द्रशेखर और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की स्मृति में जयप्रकाश नगर में प्रातः आठ बजे समारोह का शुभारंभ प्रभातफेरी से किया जाएगा। इसके बाद माल्यार्पण व श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा। प्रातः ग्यारह बजे से प्रतिभा सम्मान व विचार गोष्ठी का कार्यक्रम आरंभ होगा। इसमें मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद 'लोकनायक जयप्रकाश और जननायक चन्द्रशेखर के सपनों का भारत' विषय पर विद्वान वक्ता अपने विचार रखेंगे।
समारोह में सामाजिक व सांस्कृतिक संस्था 'संकल्प' द्वारा लोकनायक व जननायक को केंद्रित कर तैयार कार्यक्रम विशेष आकर्षण के केन्द्र होंगे। ट्रस्ट के सचिव रविशंकर सिंह 'पप्पू' ने जनपद के प्रबुद्ध जनों, राजनीतिज्ञों, साहित्यकारों, पत्रकारों और नागरिकों से 11 अक्टूबर दिन रविवार को लोकनायक व जननायक की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में जयप्रकाश नगर पहुंचने की अपील की है।

.jpg)

