2017 बैच के आईपीएस अधिकारी बने नए पुलिस अधीक्षक, ओमवीर सिंह को बस्ती की जिम्मेदारी
बलिया। जिले की कानून-व्यवस्था की कमान अब 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी डाॅ. ईरज राजा संभालेंगे। शासन की ओर से किए गए आईपीएस अधिकारियों के तबादले में उन्हें बलिया का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। डाॅ. ईरज राजा वर्तमान में गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। उनके स्थानांतरण के बाद अब बलिया में उनके कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
वहीं बलिया के पुलिस अधीक्षक रहे ओमवीर सिंह का स्थानांतरण कर उन्हें बस्ती का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। ओमवीर सिंह के कार्यकाल के बाद अब जिले में नए एसपी के रूप में डाॅ. ईरज राजा की तैनाती की गई है।
डाॅ. ईरज राजा को पुलिसिंग के साथ प्रशासनिक कार्यों का भी अनुभव है। गाजीपुर से पहले वह जालौन के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। गाजीपुर में तैनाती के दौरान उन्होंने थाना स्तर की पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण तथा पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली की निगरानी पर विशेष जोर दिया।
अपराध नियंत्रण पर रहेगा जोर
बलिया में नए एसपी के सामने कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के साथ अपराध नियंत्रण की चुनौती होगी। जिले में लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान नए एसपी की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रह सकता है।
नए पुलिस अधीक्षक के कार्यभार संभालने के साथ ही जिले की पुलिसिंग में आगे की रणनीति को लेकर भी तस्वीर स्पष्ट होगी। थाना स्तर पर पुलिस की सक्रियता, अपराधियों पर कार्रवाई और जनता के साथ बेहतर संवाद पर भी निगाह रहेगी।

.jpg)


