लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 15 आईएएस और 23 पीसीएस अधिकारियों समेत कुल 38 अधिकारियों के तबादले किए हैं। स्थानांतरण सूची में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ), अपर जिलाधिकारियों, उपजिलाधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों और संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आईएएस अधिकारियों में ध्रुव खाड़िया को जौनपुर के मुख्य विकास अधिकारी पद से हटाकर मऊ का सीडीओ बनाया गया है। मऊ के सीडीओ विवेक कुमार श्रीवास्तव को राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) नियुक्त किया गया है। वहीं लखीमपुर खीरी के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) नरेंद्र बहादुर सिंह को जौनपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।
राकेश कुमार सिंह को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), लखनऊ से हटाकर उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद का अपर आयुक्त बनाया गया है। नीरज शुक्ला को आवास एवं विकास परिषद के अपर आयुक्त पद से हटाकर पीसीएफ का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। पीसीएफ के वर्तमान प्रबंध निदेशक डॉ. चन्द्र भूषण को डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में अपर निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में सचिन कुमार सिंह को विशेष सचिव, चिकित्सा शिक्षा, श्रीहरि प्रताप शाही को निदेशक, पंचायती राज, अमित कुमार सिंह को प्रबंध निदेशक, पीसीडीएफ तथा प्रकाश बिन्दु को सचिव, चिकित्सा शिक्षा बनाया गया है। भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में डॉ. उज्जवल कुमार को विशेष सचिव एवं निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि माला श्रीवास्तव से निदेशक का प्रभार हटाया गया है। जे. रीभा को उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कार्पोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
चिकित्सा एवं तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में भी बदलाव हुआ है। अर्चना गहरवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय का कुलसचिव तथा रीना सिंह को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय का कुलसचिव नियुक्त किया गया है।
23 पीसीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी
पीसीएस अधिकारियों के तबादलों में चंद्रेश कुमार को संतकबीरनगर के अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) पद से हटाकर देवरिया का मुख्य राजस्व अधिकारी बनाया गया है। ज्ञानेन्द्र विक्रम को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), संतकबीरनगर की जिम्मेदारी मिली है। लवी त्रिपाठी को मेरठ नगर निगम की अपर नगर आयुक्त से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), सहारनपुर बनाया गया है, जबकि राजेश कुमार को अपर नगर आयुक्त, मेरठ नियुक्त किया गया है।
पुष्पेंद्र पटेल को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), रामपुर, अर्पित गुप्ता को कुलसचिव, बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय तथा विजय शंकर को कुलसचिव, महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुशीनगर बनाया गया है। अमेठी के एसडीएम अभिनव कन्नौजिया को संयुक्त दुग्ध आयुक्त, दुग्ध आयुक्त कार्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।
मेरठ के अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश कुमार सिंह को मेरठ विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है। शिवानी सिंह को अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति), जालौन और प्रेम चन्द्र मौर्य को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), प्रतापगढ़ नियुक्त किया गया है।
रामजी मिश्रा को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), लखनऊ, राजेंद्र कुमार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), हरदोई तथा प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), मुरादाबाद बनाया गया है। बृजेश कुमार त्रिपाठी को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), लखीमपुर खीरी की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा अनिरुद्ध प्रताप सिंह और अमित कुमार को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में उपनिदेशक बनाया गया है। किंशुक श्रीवास्तव को प्रतीक्षारत किया गया है। संगीता देवी को अपर जिलाधिकारी (नगर), अलीगढ़, गंभीर सिंह को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुजफ्फरनगर, नरेंद्र सिंह को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), आजमगढ़ तथा आदित्य कुमार प्रजापति को अपर जिलाधिकारी (नगर), मेरठ नियुक्त किया गया है। मयंक कुंडू को हरदोई से स्थानांतरित कर उपजिलाधिकारी, मुरादाबाद बनाया गया है।

.jpg)

