60 व 90 दिन से अधिक पुराने मामलों की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
बलिया। अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने शनिवार को थाना कोतवाली में 60 एवं 90 दिन से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने समय-सीमा से अधिक लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए विवेचकों को कड़े निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध तथा पॉक्सो एक्ट से संबंधित 60 दिन से अधिक लंबित विवेचनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। एसपी ने नए विधिक प्रावधानों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में विवेचना पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना ठोस कारण के देरी पाए जाने पर संबंधित विवेचक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
वहीं हत्या, डकैती, गैंगस्टर एक्ट सहित गंभीर एवं जघन्य अपराधों से संबंधित 90 दिन से अधिक लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की गई। संबंधित क्षेत्राधिकारियों को इन मामलों की स्वयं निगरानी करने तथा फरार वांछित अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की और इनाम घोषित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने कहा कि विवेचना की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। डिजिटल साक्ष्यों को समय से केस डायरी में शामिल करने तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर लंबित विवेचनाओं के ग्राफ में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रवीण कुमार सिंह सहित अन्य विवेचनाधिकारी मौजूद रहे।


.jpg)

