17 ताश की गड्डियां भी मिलीं, कोतवाली पुलिस ने जुआ अधिनियम के तहत दर्ज किया मुकदमा
बलिया। जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने जुआ खेलने वालों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 17 अदद ताश की गड्डियां और 4 लाख 7 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से जुआ खेलने वालों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर की रात उपनिरीक्षक समरेन्द्र कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी चन्द्रशेखर नगर, हमराह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में देखभाल एवं शांति व्यवस्था ड्यूटी पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बहेरी में एनातुल्ला उर्फ पतरु के मकान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने उच्चाधिकारियों से पूर्व में प्राप्त अनुमति के आधार पर तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस ने मकान में जुआ खेल रहे 19 लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 17 ताश की गड्डियां तथा कुल 4,07,000 रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मो. अली उर्फ सोनू निवासी बहेरी, प्रदीप कुमार सिंह निवासी मिढ्ढा, शक्ति मिश्रा निवासी हरपुर पुरानी बस्ती, राजाराम चौहान निवासी विजयीपुर, चन्दन निवासी रेवती, शिवप्रकाश निवासी नलकूप कॉलोनी, सगीर निवासी बहेरी, जयराम निवासी सुखपुरा, रामजी यादव निवासी काशीपुर, मोनू निवासी हनुमानगंज, मुकेश कुमार निवासी रुकुनपुरा, राहुल कुमार गुप्ता निवासी मैरीटार, विजय प्रताप सिंह निवासी बांसडीह, नौशाद निवासी बहेरी, पिन्टू कुमार राजभर निवासी मिठवार, मनोज वर्मा निवासी आरटीओ ऑफिस, अंकुश कुमार सिंह निवासी बलेसरा, संजय कुमार सिंह निवासी भृगु आश्रम राजपूत नेवरी तथा करीम खान निवासी बहेरी शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की उम्र 22 से 55 वर्ष के बीच बताई गई है।
पुलिस ने गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 484/2026 के तहत धारा 3/4 जुआ अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई को उपनिरीक्षक समरेन्द्र कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी चन्द्रशेखर नगर ने हमराह पुलिस टीम के साथ अंजाम दिया।
बरामदगी का विवरण: पुलिस ने मौके से 17 अदद ताश की गड्डियां और 4 लाख 7 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

.jpg)

