बांसडीह के दस गांवों में स्थापित होंगी बाबा साहेब की प्रतिमाएं, विधायक केतकी सिंह ने किया विकास योजना का शुभारंभ


दिघेड़ा गांव में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रखी आधारशिला, प्रतिमा स्थलों का होगा सुंदरीकरण

बांसडीह (बलिया)। ग्रामीण अंचलों में महापुरुषों के सम्मान और सार्वजनिक स्थलों के विकास को नई गति देने की दिशा में बांसडीह विधानसभा क्षेत्र में डा. भीमराव आंबेडकर मूर्ति एवं स्थल विकास योजना का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। दिघेड़ा गांव में आयोजित समारोह में क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजन-अर्चन के बीच परियोजना की आधारशिला रखी। इस योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र के दस गांवों में संविधान निर्माता बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।

योजना के अंतर्गत दिघेड़ा, देवडीह, महाराजपुर, पिंडहरा और पांडेय अहिरौली सहित कुल दस गांवों में प्रतिमा स्थापना के साथ ही संबंधित स्थलों का समग्र विकास एवं सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसके तहत प्रतिमा स्थल पर मजबूत चबूतरे का निर्माण, सुरक्षा घेरा, इंटरलॉकिंग टाइल्स, सुगम पहुंच मार्ग, एलईडी एवं सोलर लाइट की व्यवस्था, बैठने के लिए बेंच तथा हरित पट्टी विकसित की जाएगी। इन सुविधाओं के माध्यम से प्रतिमा स्थलों को आकर्षक, सुरक्षित और व्यवस्थित सार्वजनिक परिसर के रूप में विकसित करने की योजना है।

इस अवसर पर विधायक केतकी सिंह ने कहा कि बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर और संत रविदास महाराज ने समाज को समानता, सामाजिक न्याय और समतामूलक व्यवस्था का संदेश दिया। उनके विचारों एवं आदर्शों ने सशक्त समाज और राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है। आज भी उनके सिद्धांत समाज को एकता, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे स्मारक स्थलों का विकास होने से नई पीढ़ी को महापुरुषों के विचारों, उनके संघर्षों तथा भारतीय संविधान के मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा।

विधायक ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और मानकों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। साथ ही सभी दस गांवों में निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण एवं सुंदरीकरण कार्य पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ महापुरुषों के विचारों और सामाजिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाना भी आवश्यक है।

कार्यक्रम में गिरीश पाण्डेय, शारदानंद साहनी, गोपालजी सिंह, राजेश राजभर, ओमप्रकाश सिंह, राजेश सिंह, अजीत मिश्र सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।