छह निरीक्षकों को पुलिस लाइन भेजा गया, चार थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई; महिला थाने की भी बदली प्रभारी
बलिया। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। जनहित एवं प्रशासनिक हित को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई तैनाती की गई है। इस फेरबदल में तीन प्रमुख थानों के प्रभारी बदले गए हैं, जबकि छह निरीक्षकों को पुलिस लाइन भेजा गया है। इनमें चार निरीक्षकों को गैर जनपद स्थानांतरण के लिए पुलिस लाइन से रवाना किया जाना है।
जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार निरीक्षक शैलेश सिंह को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक थाना बांसडीह बनाया गया है। वहीं निरीक्षक विजय बहादुर सिंह को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली तथा निरीक्षक रवीन्द्र नाथ राय को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक थाना सिकन्दरपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह, थाना सिकन्दरपुर के प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर सिंह तथा थाना बांसडीह के प्रभारी निरीक्षक राजकेशर सिंह को पुलिस लाइन भेजा गया है। इन तीनों निरीक्षकों को गैर जनपद स्थानांतरण के लिए रवाना किया जाना है। इसके अलावा थाना खेजुरी के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार दुबे को भी पुलिस लाइन भेजते हुए गैर जनपद स्थानांतरण हेतु रवाना किया गया है।
उपनिरीक्षक अजय पाल, जो अब तक थाना बांसडीह में एसएसआई के पद पर तैनात थे, उन्हें थानाध्यक्ष खेजुरी बनाया गया है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष बांसडीह रोड राजेश बहादुर सिंह को थानाध्यक्ष मनियर तथा थानाध्यक्ष मनियर अजय कुमार त्रिपाठी को थानाध्यक्ष बांसडीह रोड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं महिला उपनिरीक्षक कंचन मौर्या को पुलिस लाइन से प्रभारी महिला थाना बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस फेरबदल को जनपद की कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग में प्रशासनिक कसावट लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।


.jpg)

