बलिया : संविधान दिवस पर एसपी डॉ. ईराज राजा ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को दिलाई संविधान की शपथ

पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित जनपद के सभी थानों और चौकियों में हुआ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ

बलिया। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर को पुलिस अधीक्षक बलिया डॉ. ईराज राजा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। इस दौरान सभी को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के साथ ही संवैधानिक मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई गई।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 26 नवंबर 1949 का दिन स्वतंत्र भारत के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण और गौरवशाली है। इसी दिन संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान 26 जनवरी 1950 को पूर्ण रूप से लागू हुआ। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों में संविधान के प्रति सम्मान, जागरूकता तथा लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता की भावना को मजबूत करना है।


उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों का पालन करना हम सभी का नैतिक और संवैधानिक दायित्व है। पुलिस विभाग के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को निष्पक्षता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संविधान की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।


कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्री दिनेश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) श्री संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर श्री सतीश कुमार शर्मा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी बांसडीह श्री जयशंकर मिश्र ने थाना बांसडीह परिसर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।


इसके अतिरिक्त जनपद बलिया के समस्त पुलिस कार्यालयों, थानों एवं चौकियों में भी संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया और देश की एकता, अखंडता तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।