राजकीय सम्मान के साथ पैतृक निवास रवाना हुआ पार्थिव शरीर
बलिया। थाना बांसडीह में तैनात रिक्रूट आरक्षी परितोष मिश्रा, निवासी प्रयागराज, का शव सोमवार को बांसडीहरोड थाना क्षेत्र स्थित एक तालाब से बरामद होने के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह समेत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिला अस्पताल परिसर में दिवंगत आरक्षी को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर को पैतृक निवास प्रयागराज के लिए रवाना किया गया।
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर को आरक्षी परितोष मिश्रा अपने साथी आरक्षी शिवगोपाल पाल को बेल कमेंट दाखिल करने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने हेतु बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए अपनी निजी मोटरसाइकिल से गए थे। वापसी के दौरान उन्होंने बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में तैनात 2-3 अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भोजन किया। इसके बाद उन्होंने साथियों को बताया कि उन्हें रात्रि द्वितीय मोबाइल ड्यूटी पर जाना है और वहां से अपनी मोटरसाइकिल से रवाना हो गए।
निर्धारित समय पर द्वितीय मोबाइल ड्यूटी के लिए आरक्षी के थाना बांसडीह नहीं पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की। उनके संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही थी। इसी दौरान 14 सितंबर को करीब 10 बजे बांसडीहरोड थाना क्षेत्र स्थित एक तालाब में परितोष मिश्रा का शव बरामद हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद जिला अस्पताल परिसर में पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी बांसडीह, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक बांसडीह, थानाध्यक्ष बांसडीहरोड सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। राजकीय सम्मान के साथ पार्थिव शरीर को उनके पैतृक निवास के लिए रवाना किया गया।





