मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने कोचिंग डिपो, बनारस का निरीक्षण कर अनुरक्षण मानकों की समीक्षा की


यात्री सुरक्षा एवं रेल कोच मॉडिफिकेशन कार्यों पर विशेष जोर, आरडीएसओ व रेलवे बोर्ड के निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन के निर्देश

वाराणसी, 15 सितम्बर 2026: रेल यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन ने आज दिनांक 15 सितम्बर 2026 को   कोचिंग डिपो, बनारस का निरीक्षण किया। उनके साथ वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सीएंडडब्ल्यू) श्री अभिषेक राय भी मौजूद थे।


निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कोच अल्टरेशन इंस्ट्रक्शन (सीएआई) की अद्यतन स्थिति और उनके अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की। पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कोचिंग डिपो अधिकारी श्री हरिशंकर कुमार द्वारा विभिन्न मॉडिफिकेशन कार्यों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया।


श्री जैन ने सेंटर बफर कप्लर (सीबीसी) की कार्यप्रणाली, लोको एवं पावर कार में लगे वर्टिकल रेस्ट्रिक्टर तथा वेस्टीब्यूल फॉल प्लेट के संयोजन और उनमें किए गए मॉडिफिकेशन कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कोच की खिड़कियों में लगी एल्यूमिनियम बार/रॉड और इमरजेंसी विंडो के रिप्लेसमेंट कार्य की प्रगति भी जाँची।


मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को इन सुरक्षा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने तथा रेलवे बोर्ड व अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) द्वारा निर्धारित तकनीकी एवं संरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उनके द्वारा मेकेनाइज्ड लॉन्ड्री की क्षमता वृद्धि के दृष्टिगत  नई बिल्डिंग के निर्माण एवं रेनोवेशन कार्य की भी समीक्षा की गई।


मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने कार्यों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोचिंग डिपो में किए जा रहे सभी तकनीकी कार्यों में गुणवत्ता, संरक्षा और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सीएंडडब्ल्यू) श्री अभिषेक राय तथा कोचिंग डिपो अधिकारी श्री हरिशंकर कुमार  सहित संबंधित वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित थे। उक्त जानकारी महेश गुप्ता, जनसम्पर्क अधिकारी, वाराणसी ने दी।