पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा सहित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने नम आंखों से किया नमन, पार्थिव शरीर गृह जनपद संतकबीरनगर रवाना
बलिया। जनपद बलिया पुलिस परिवार के लिए रविवार का दिन गमगीन रहा। थाना चितबड़ागांव में तैनात उपनिरीक्षक संदीप कुमार के असामयिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक और संवेदना का माहौल व्याप्त हो गया। दिवंगत उपनिरीक्षक को अंतिम विदाई देने के लिए 15 नवंबर 2026 को पुलिस लाइन बलिया परिसर में पूरे पुलिस सम्मान के साथ शोक सभा आयोजित की गई, जहां अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पुलिस अधीक्षक बलिया डॉ. ईरज राजा सहित जनपद के अन्य राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों ने दिवंगत उपनिरीक्षक संदीप कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुलिस गार्द की ओर से शोक सलामी दी गई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने दिवंगत उपनिरीक्षक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पुलिस विभाग शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है और विभाग की ओर से परिजनों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। श्रद्धांजलि सभा के दौरान पुलिसकर्मियों के चेहरों पर अपने साथी को खोने का गम साफ झलक रहा था।
श्रद्धांजलि एवं शोक सलामी की औपचारिकताओं के उपरांत दिवंगत उपनिरीक्षक संदीप कुमार के पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय एवं पुलिस सम्मान के साथ उनके गृह जनपद संतकबीरनगर के लिए रवाना किया गया। उनके असामयिक निधन से बलिया पुलिस परिवार ने अपने एक साथी को खो दिया है।





.jpg)

