रात्रि ड्यूटी से गैरहाजिर होने के बाद की जा रही थी तलाश
उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शुरू कराई विधिक जांच
बलिया। बांसडीह कोतवाली में तैनात रिजर्व पुलिस आरक्षी परितोष मिश्रा का शव सोमवार को बांसडीहरोड थाना क्षेत्र स्थित एक तालाब में मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, रि0आ0 परितोष मिश्रा, पीएनओ नंबर 252099265, रविवार 13 सितंबर को बांसडीह कोतवाली में तैनात कांस्टेबल शिवगोपाल पाल को बेल कमेंट दाखिल करने के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय जाने हेतु बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने अपनी निजी मोटरसाइकिल से गए थे। वापसी के दौरान उन्होंने बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में तैनात दो-तीन अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भोजन किया। इसके बाद परितोष मिश्रा ने अपने साथियों को बताया कि उन्हें रात्रि में द्वितीय मोबाइल ड्यूटी के लिए जाना है और वहां से मोटरसाइकिल से रवाना हो गए।
निर्धारित समय पर द्वितीय मोबाइल ड्यूटी के लिए बांसडीह कोतवाली नहीं पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की। उनके संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी बीच सोमवार 14 सितंबर को करीब 10 बजे बांसडीहरोड थाना क्षेत्र स्थित एक तालाब में परितोष मिश्रा का शव मिलने की सूचना मिली।
सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन में मामले की जांच तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही घटना के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
👉पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह की वीडियो बाइट 👇

