पर्यावरण संरक्षण के साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता का भी मजबूत आधार है बांस
18 सितंबर : विश्व बांस दिवस पर विशेष :-
बांस प्रकृति का ऐसा अनमोल उपहार है, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ मानव जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हर वर्ष 18 सितंबर को विश्व बांस दिवस मनाकर इसके संरक्षण, संवर्धन और उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया जाता है। तेजी से बढ़ने वाला यह पौधा अनेक उपयोगों के कारण प्रकृति और मानव जीवन के बीच बेहतर संतुलन बनाने में सहायक है।
आज प्लास्टिक प्रदूषण पूरी दुनिया के सामने बड़ी चुनौती है। एकल उपयोग वाले प्लास्टिक से निकलने वाला कचरा भूमि, जलस्रोतों और पर्यावरण को प्रभावित करता है। ऐसे में टोकरी, डलिया, चटाई, फर्नीचर, सजावटी सामान और घरेलू उपयोग की अनेक वस्तुओं में बांस का प्रयोग प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प उपलब्ध करा सकता है। ‘प्लास्टिक छोड़ो, बांस अपनाओ’ का संदेश टिकाऊ और जिम्मेदार जीवनशैली की ओर प्रेरित करता है।
बांस तेजी से बढ़ने वाला पौधा होने के कारण हरित आवरण बढ़ाने में भी उपयोगी है। इसके पौधे वातावरण से कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करने और कार्बन संचित करने में योगदान देते हैं। साथ ही इसकी जड़ें मिट्टी को बांधने में मदद करती हैं। उचित स्थान और वैज्ञानिक तरीके से बांस का रोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उपयोगी कदम हो सकता है।
बांस ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे हस्तशिल्प, फर्नीचर, खिलौने, कृषि उपकरण और दैनिक उपयोग की अनेक वस्तुएं बनाई जाती हैं। यदि कारीगरों को आधुनिक डिजाइन, तकनीक, प्रशिक्षण और बाजार उपलब्ध कराया जाए तो पारंपरिक बांस शिल्प को नई पहचान मिल सकती है। इससे किसानों, ग्रामीण युवाओं, शिल्पकारों और स्वयं सहायता समूहों के लिए स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
भारत में बांस का उपयोग सदियों से हमारी संस्कृति और ग्रामीण जीवन का हिस्सा रहा है। अब आवश्यकता है कि पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक तकनीक और बाजार से जोड़ा जाए। बांस के संरक्षण के साथ इसका वैज्ञानिक प्रबंधन भी जरूरी है, ताकि इसका उपयोग लंबे समय तक टिकाऊ तरीके से किया जा सके।
विश्व बांस दिवस हमें प्रकृति के साथ संतुलित जीवन का संदेश देता है। आवश्यकता केवल बांस लगाने की नहीं, बल्कि इसके टिकाऊ उपयोग और बांस आधारित उत्पादों को प्रोत्साहित करने की भी है। आइए, प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग को कम करें, बांस और अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाएं तथा धरती को अधिक सुंदर, स्वच्छ और हरित बनाने में अपना योगदान दें।
शैलेंद्र कुमार पांडेय ✍️बलिया (उ.प्र.)



