विधायक केतकी सिंह ने रंगोली बनाकर व केक काटकर दी जन्मदिन की बधाई, चैनराम बाबा मंदिर में प्रज्ज्वलित किया ‘आशीर्वाद का दीप
बांसडीह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को बांसडीह विधानसभा क्षेत्र में उत्साह और उल्लास के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मैरीटार गांव स्थित अपने आवास पर क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ रंगोली बनाकर तथा केक काटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक केतकी सिंह ने बांसडीह विधानसभा क्षेत्र में एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा, जनसरोकार और समाजहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा सेवा कार्यों में पूरी सक्रियता के साथ सहभागिता करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर विधायक केतकी सिंह ने सहतवार स्थित चैनराम बाबा मंदिर परिसर में ‘आशीर्वाद का दीप’ प्रज्ज्वलित किया। इसके बाद मंदिर परिसर में विधायक और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में दीप जलाए। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा। विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प निरंतर मजबूत होता रहे।
इसके बाद विधायक ने कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया और एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
वहीं कस्बा के वार्ड नंबर तीन में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर उत्साह देखने को मिला। महिलाओं एवं स्थानीय लोगों ने सोहर गाकर प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।
इस दौरान धनंजय सिंह, अजय सिंह, प्रमोद सिंह, राकेश वर्मा, मिथिलेश तिवारी, रंजन सिंह, राज कुमार वर्मा, प्रतुल ओझा, दुर्गेश मिश्रा, मुनजी गोंड, शिवम गुप्ता, तेज बहादुर रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

