लखनऊ। प्रदेश सरकार ने सोमवार को 34 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर प्रशासनिक फेरबदल किया है। स्थानांतरण सूची में अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट और उपजिलाधिकारी स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सबसे प्रमुख बदलाव श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद, वाराणसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र का हुआ है। उन्हें सीईओ पद से हटाकर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में उपसचिव बनाया गया है।
गाजियाबाद नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव को संयुक्त आयुक्त (प्रशासन), कार्यालय आयुक्त ग्राम्य विकास की जिम्मेदारी दी गई है। प्रयागराज के अपर जिलाधिकारी (नजूल) संजय कुमार पांडेय को गौतमबुद्धनगर का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाया गया है। वहीं गौतमबुद्धनगर के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे को उपसंचालक चकबंदी, प्रयागराज के पद पर भेजा गया है।
बहराइच के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमित कुमार-2 तथा बागपत के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनीत उपाध्याय को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक बनाया गया है। देवरिया के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राम शंकर को उपायुक्त (प्रशासन), कार्यालय आयुक्त खाद्य एवं रसद की जिम्मेदारी मिली है। कासगंज के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दिग्विजय प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में उपनिदेशक बनाया गया है।
एटा के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल को मिर्जापुर में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति) बनाया गया है। जालौन के अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह को रेशम निदेशालय में उपनिदेशक (प्रशासन) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ की प्रधान प्रबंधक बरखा सिंह को वाराणसी नगर निगम का अपर नगर आयुक्त बनाया गया है।
मुजफ्फरनगर के नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ को देवरिया का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। बुलंदशहर के उपजिलाधिकारी दीपक कुमार पाल को मुजफ्फरनगर का नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। हापुड़ की एसडीएम रेणु को गाजियाबाद नगर निगम का अपर नगर आयुक्त बनाया गया है।
एसडीएम स्तर पर भी व्यापक फेरबदल किया गया है। औरैया के एसडीएम अजय आनंद वर्मा को आजमगढ़ तथा आजमगढ़ की एसडीएम दिव्या सिकरवार को औरैया भेजा गया है। सिद्धार्थनगर की एसडीएम रेणु मिश्रा को फर्रुखाबाद, गोंडा के एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह को गौतमबुद्धनगर और कानपुर देहात के एसडीएम प्रद्युम्न कुमार को बस्ती का एसडीएम बनाया गया है।
संभल की एसडीएम शुभी गुप्ता को डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में सहायक निदेशक बनाया गया है। झांसी के एसडीएम शुभेंदु शेखर सिंह को यूपीडा में विशेष कार्याधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मैनपुरी के एसडीएम अशोक कुमार को हापुड़ का एसडीएम बनाया गया है।
इसके अलावा बदायूं के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार को बहराइच का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सहारनपुर के एसडीएम मानवेंद्र सिंह को बदायूं का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), मंडी परिषद के उपनिदेशक राजीव कुमार राय को बागपत का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और आगरा के अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) अजय नारायण सिंह को एटा का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाया गया है। तबादलों के जरिए प्रदेश के विभिन्न जिलों और विभागों में प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

