बलिया : स्कूल जाने निकलीं तीन नाबालिग बच्चियां लापता, पुलिस ने तलाश के लिए गठित की टीमें


बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव से स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं तीन नाबालिग बच्चियों के लापता होने का मामला सामने आया है। शनिवार को तीनों बच्चियां घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

सीओ सिटी सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार तीनों बच्चियां शनिवार को घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं, जिसके बाद उनका पता नहीं चल सका। मामले में बच्चियों की मां की सूचना पर गड़वार थाने में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस टीमों द्वारा स्कूल, गांव तथा आसपास के संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही बच्चियों के आने-जाने वाले रास्तों, संभावित ठिकानों और अन्य स्थानों की भी जांच-पड़ताल की जा रही है।

सीओ सिटी सतीश कुमार शर्मा ने कहा कि बच्चियों को सकुशल बरामद करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस द्वारा मामले की जांच के साथ ही बच्चियों की तलाश लगातार की जा रही है। उन्होंने परिजनों एवं आमजन से अपील की कि बच्चियों के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी या सुराग मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि उन्हें जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जा सके।

पंडित विजेंद्र शर्मा