सुशील कुमार बने रसड़ा के नए प्रभारी निरीक्षक, एसपी ओमवीर सिंह ने जारी किया आदेश
बलिया। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने प्रशासनिक आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए दो निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है।
एसपी के आदेश के अनुसार रसड़ा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करते हुए साइबर सेल में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक सुशील कुमार को रसड़ा कोतवाली का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
आदेश जारी होने के साथ ही दोनों अधिकारियों को अपने-अपने नए तैनाती स्थल पर तत्काल पहुंचकर पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्धारित दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ निर्वहन करने को कहा गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था को मजबूत करने और बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। रसड़ा कोतवाली की नई जिम्मेदारी संभालने वाले निरीक्षक सुशील कुमार के सामने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की चुनौती होगी।

