प्रमुख मार्गों, चौराहों, रामलीला मैदान और बाजारों में सघन चेकिंग
आमजन व व्यापारियों से शांति, सौहार्द और सहयोग बनाए रखने की अपील
बलिया, 19 अक्टूबर। त्योहारों के दौरान जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सोमवार को पर्याप्त पुलिस बल के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र में पैदल गश्त की। अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, चौराहों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, रामलीला मैदान और बाजारों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई।
पैदल गश्त के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों तथा व्यापारियों से संवाद कर त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा आमजन की सुरक्षा एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधि अथवा किसी समस्या की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की।
अधिकारियों की इस संयुक्त गश्त से शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आमजन के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करने का प्रयास किया गया। पुलिस बल को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और किसी भी परिस्थिति में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने थाना कोतवाली क्षेत्र के ऑक्डेनगंज पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी परिसर, बैरक और मेस की साफ-सफाई तथा सीसीटीवी कैमरों के रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ-सफाई, उपकरणों के उचित रखरखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रवीण कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





.jpg)

