बलिया। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का जिला सम्मेलन 19 अक्टूबर 2026 को शंकरपुर स्थित गोंडवाना भवन में आयोजित किया गया। सम्मेलन में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से 27 सदस्यीय जिला कमेटी का गठन किया गया। इसमें सुरेश शाह को जिलाध्यक्ष तथा परशुराम खरवार को जिला सचिव चुना गया। इसके साथ ही अन्य पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सम्मेलन में बच्चालाल गोंड को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अच्छेलाल गोंड को जिला उपाध्यक्ष, त्रिलोकी गोंड को सहसचिव तथा श्रीपति गोंड और हरिशंकर गोंड को जिला संगठन मंत्री बनाया गया। एडवोकेट अशोक गोंड को कानूनी सलाहकार की जिम्मेदारी दी गई। वहीं, जीउत जी गोंड, सुमेर गोंड, बरमेश्वर गोंड, कन्हैया गोंड, श्रीभगवान गोंड और शिवसागर गोंड को जिला संरक्षक मंडल का सदस्य चुना गया।
तहसील इकाइयों के गठन के तहत संजय गोंड को बलिया, उमाशंकर गोंड को बांसडीह, जगलाल गोंड को रसड़ा, गोविंद गोंड को सिकंदरपुर तथा छोटन गोंड को बैरिया तहसील इकाई का अध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा शंकर गोंड, अशोक गोंड, राजीनंद गोंड, ओमप्रकाश गोंड, दीपक गोंड, भरत गोंड, वशिष्ठ गोंड, अमृत राज गोंड और भिखारी गोंड को जिला कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू सिंह मरावी और प्रदेश महासचिव गोपाल जी खरवार ने संयुक्त रूप से पद एवं संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से कार्य करने की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महासचिव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी मजबूती के साथ अपने प्रत्याशी उतारेगी। इसके लिए अभी से सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर संगठन की नीतियों और विचारधारा से आम जनता को अवगत कराने की जरूरत है।
उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त भारत और रोजगार युक्त भारत के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने के साथ भारतीय संविधान की उद्देशिका में निहित सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक न्याय के सिद्धांतों को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के आर्थिक गणतंत्र स्थापना मिशन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाते हुए अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जाए। इसके लिए युद्धस्तर पर सदस्यता अभियान चलाने और प्रत्येक बूथ पर कमेटियों का गठन करने पर जोर दिया गया।
पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अरविंद गोंडवाना ने सफल जिला सम्मेलन के आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने एक नवंबर को वाराणसी के कचहरी स्थित शास्त्री घाट पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक तिरु तुलेश्वर सिंह मरकाम के नेतृत्व में आयोजित होने वाली आदिवासी अधिकार रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर भागीदारी निभानी चाहिए।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुरेश शाह और जिला सचिव परशुराम खरवार ने संगठन विस्तार को अपनी प्राथमिकता बताते हुए जिला कमेटी के सदस्यों के समक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के एक लाख सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा। सम्मेलन के दौरान संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान तेज करने और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। अंत में हर्षध्वनि के साथ गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का जिला सम्मेलन संपन्न हुआ।

.jpg)

