काकोरी के वीरों को बलिया का सलाम, शताब्दी महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब



बलिया। काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव का समापन समारोह शुक्रवार को शहीद पार्क, चौक में श्रद्धा और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ।


कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। पुलिस बल ने राष्ट्रीय धुन प्रस्तुत की और सभी ने खड़े होकर जन गण मन गाकर शहीदों को नमन किया।


डीएम सिंह ने कहा कि काकोरी कांड भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का वह साहसिक अध्याय है, जिसने अंग्रेजी शासन की नींव हिला दी थी। उन्होंने सभी से शहीदों के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लेने की अपील की।



भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा में सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को साल भेंटकर सम्मानित किया गया।



जिलाधिकारी और जिलाध्यक्ष ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, वृक्षारोपण किया तथा विद्यालय के मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।



संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश से पंजीकृत लोकगायक मंजीत पाण्डेय ने देशभक्ति गीत "जो शहीद हुए सरहद पर, वो भारत देश है मेरा" प्रस्तुत कर माहौल भावुक बना दिया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।



कार्यक्रम में सीडीओ ओजस्वी राज, नगर पालिका अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाई लाल, डीडीओ, डीसी मनरेगा रिचा सिंह सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





Post a Comment

0 Comments