उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद मैनपुरी की 2020-21 की 280 करोड़ 77 लाख की जिला योजना का किया अनुमोदन


जिला योजना में  सर्वांगीण विकास का खींचा गया है खाका।

किसान हितों को सर्वोपरि रखते हुए किया जा रहा है योजनाओं का संचालन : केशव प्रसाद मौर्य                     

लखनऊः13 फरवरी, 2021। उप मुख्यमंत्री ,व मैनपुरी के प्रभारी मंत्री श्री  केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद के सर्वागीण विकास हेतु सड़क, विजली, शिक्षा, महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने, किसानों के उत्थान, ग्रामीण पेयजल, पशुपालन ,दुग्ध विकास, अनुसूचित जाति, जनजाति उत्थान, लघु एवं सीमान्त कृषकों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आदि के लिए 280 करोड 77 लाख की वर्ष 2021-22 हेतु जिला योजना समिति की बैठक में अन्तिम रूप दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश व जनपद के विकास के लिए कटिबद्ध है, जनपद के सर्वांगीण व व्यापक विकास के लिए धनराशि की कमी नहीं होगी, तीव्र गति से चहुमुखी विकास होगा। जिला योजना में किसानों, महिलाओं के आर्थिक उत्थान, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सड़क एवं पुल, किसानों के हितार्थ संचालित योजनाओं सहित अन्य जनहित से जुडी योजनाओं में अधिक धनराशि प्रस्तावित की गयी है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2021-22 हेतु प्रस्तावित परिव्यय धनराशि 280 करोड़ 77 लाख है। उक्त धनराशि के सापेक्ष विभिन्न विभागों द्वारा अपने विभाग से सम्बन्धित योजनाओं को क्रियान्वित करने हेतु प्रस्ताव तैयार किये गये, जिन्हें जिला योजना समिति द्वारा अनुमोदित किया गया है। ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रम हेतु 1664.30 लाख, सड़क एवं पुल निर्माण हेतु 1443.35 लाख, माध्यमिक शिक्षा हेतु 640 लाख,  प्राथमिक शिक्षा हेतु 608.08 लाख, प्राविधिक शिक्षा हेतु 250 लाख, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा हेतु 148.88 लाख, ग्रामीण रोजगार कार्यक्रम हेतु 11040 लाख, नगरीय पेयजल योजना के अन्तर्गत 350 नये हैडपंप, 185 हैडपंपो का रिबोर एवं 04 नलकूपों का रिबोर हेतु 408.52 लाख, लघु एवं सीमान्त कृषकों की उत्पादकता बढ़ाने हेतु 1111.30 लाख का प्राविधान किया गया है, जिससे निजी लघु सिचांई योजना के अन्तर्गत 05 हजार निःशुल्क बोरिंग, 40 गहरे नलकूप, 200 गहरे मध्यम नलकूप, 100 बोरिंग पंपसेट, बोरिंग गोदाम का अतिरिक्त कक्ष का निर्माण का प्राविधान किया गया है।

पशु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा निरोग निदान सेवाओं के सुधार एवं विस्तार हेतु 281.41 लाख, कृत्रिम गर्भाधान द्वारा पशु प्रजनन सुधार एवं विस्तार हेतु 89.40 लाख, सूकर प्रजनन प्रक्षेत्रों के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण हेतु 09.61 लाख, भेड़ प्रजनन प्रक्षेत्रों के विस्तार हेतु 01.50 लाख, दुग्ध संघों एवं समितियों के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि, आटोमेटिक मिल्क कलेक्शन यूनिट हेतु 117.17 लाख, नवीन ग्रामीण सड़कों के निर्माण, 09 सड़कों के पुनरनिर्माण हेतु 1443.35 लाख, पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से  च्यवन ऋषि मन्दिर, मारकण्डेय तपोस्थली, शीतला देवी मन्दिर, अछईपुर स्थित इच्छेश्वरधाम मंदिर तथा समान पक्षी विहार  के विकास हेतु 70 लाख, 50 किमी. सी.सी रोड, केसी ड्रेन के निर्माण हेतु 590 लाख का परिव्यय स्वीकृत किया गया।

राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में 2650 लाभार्थियों को लाभांवित कराये जाने हेतु 800 लाख़, राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम के अन्तर्गत 25000 वृद्ध व्यक्तियों को वृद्धावस्था, किसान पेंशन हेतु 1200 लाख, नेत्रहीन, बघिर, शारीरिक, मानसिक रूप से अक्षम दिव्यंाग व्यक्तियों हेतु अनुदान योजना के अन्तर्गत 6746 दिव्यांग व्यक्तियों को पेंशन हेतु 198 लाख, दिव्यांगजनों के पुनर्वास, 40 दुकानों के निर्माण हेतु 04 लाख, 14 हजार निराश्रित महिलाओं की पेंशन हेतु 840 लाख रू. का प्राविधान किया गया है। अनुसूचित जाति कल्याण के अन्तर्गत अत्याचार से पीड़ित व्यक्तियों की आर्थिक सहायता, 5550 छात्रों की छात्रवृत्ति, 500 निर्धन व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी हेतु 170 लाख, पिछड़ी जाति  के गरीब व्यक्तियों की 825 पुत्रियों की शादी अनुदान, 979 छात्रों के लिए छात्रवृत्ति की व्यवस्था, हेतु 187 लाख, अल्पसंख्यक कल्याण में 632 अल्पसंख्यक छात्रों के लिए छात्रवृत्ति, 200 निर्धन परिवार की पुत्रियों की शादी अनुदान हेतु 54.10 लाख का परिव्यय अनुमोदित किया है।

जिला योजना के परिव्यय पर विस्तार से जानकारी देते हुए जिलाधिकारी महेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि निर्धारित परिव्यय 280 करोड़ 77 लाख रू. में ग्राम पंचायतों, जिला पंचायतों, नगर पालिका, नगर पंचायतों के विकास कार्यक्रमों को शामिल करते हुए योजना की संरचना की गई है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित योजना में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, कृषक हितों के क्षेत्र में तथा पेयजल, महिला उत्थान, गरीबी उन्मूलन सहित अन्य बुनियादी अवस्थापना विकास एवं समाज कल्याण कार्यक्रमों के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं दूरगामी परिणाम देने वाले प्रयासों का समावेश किया गया है।

 इस अवसर पर आबकारी मद्य निषेध मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री, विधायक सदर, करहल, किशनी, राजकुमार उर्फ राजू यादव, सोबरन सिंह यादव, इ. बृजेश कठेरिया, सदस्य विधान परिषद अरविन्द यादव, सांसद प्रतिनिधि देवेन्द्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष पुलिस अधीक्षक अविनाश पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया ने बैठक का संचालन किया। 

बी एल यादव 

सूचना अधिकारी



Comments