बलिया जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन, डीएम ने किया शुभारंभ


*रक्तदान महादान, इससे बचाई जा सकती हैं कई जिंदगियां : डीएम*

*डीएम ने किया रक्तदान के लिए प्रेरित, नौ रक्तदाताओं को दिए प्रशस्ति पत्र*

बलिया। मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार), नागरिक सुरक्षा कोर बलिया एवं बलिया ब्रदर्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का सोमवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील की।


जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान महादान है। प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, क्योंकि हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में काम आ सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि सभी लोग अपने ब्लड ग्रुप की जांच अवश्य करवाएं और समय-समय पर रक्तदान करें, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को आसानी से रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक अच्छी परंपरा है, जिसे समाज में बढ़ावा देने की आवश्यकता है। स्वस्थ व्यक्ति चिकित्सकीय मानकों के अनुसार रक्तदान कर सकता है। रक्तदान से जरूरतमंदों को जीवनदान मिलता है और समाज में सहयोग एवं मानवता की भावना मजबूत होती है।


शिविर में अरुण कुमार सिंह, कन्हैया उपाध्याय एवं ज्ञानी सिंह ने रक्तदान किया। साथ ही शिविर में कुल 9 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता और सामाजिक सेवा का संदेश दिया।जिलाधिकारी ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए उन्हें सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन लोगों की पहल अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है। इस अवसर पर रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने का संदेश दिया गया। 


मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर अभय नारायण राय ने कहा कि एक यूनिट रक्तदान से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। इस मौके पर प्रमुख रूप से मुख्य चिकित्सा अधीक्षक विनोद कुमार, उप प्रमुख चिकित्साधिकारी डॉक्टर अरविंद चौधरी, जिला युवा अधिकारी रवि मिश्रा, आपदा विशेषज्ञ पीयूष सिंह, अरविंद पाण्डेय, नितेश पाठक आदि लोग मौजूद हैं।