जिलाधिकारी के निर्देश पर बीएसए ने जारी किया आदेश
शिक्षकों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश
बलिया। जनपद में वज्रपात और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए 30 अक्टूबर को कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य बंद रहेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बलिया मनीष कुमार सिंह की ओर से गुरुवार, 29 अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। यह निर्णय भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंचलिक केंद्र लखनऊ की एडवाइजरी और जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह के निर्देश के अनुपालन में लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, 30 अक्टूबर को जनपद के नर्सरी से कक्षा आठ तक संचालित सभी परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, स्ववित्तपोषित मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड के विद्यालयों में शिक्षण कार्य बंद रहेगा। मौसम की गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।
हालांकि, विद्यालय बंद रहने के बावजूद शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। परिषदीय विद्यालयों के जिन शिक्षकों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना प्रशिक्षण अथवा अन्य कार्यक्रमों में लगाई गई है, उन्हें नियमानुसार अपने निर्धारित दायित्वों का पालन करना होगा। इसके अलावा सभी शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर विभागीय और प्रशासनिक कार्यों को पूरा करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित विद्यालयों और कर्मचारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

.jpg)

