डीआईजी ने आजमगढ़, मऊ और बलिया के पुलिस अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक


आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों, माफियाओं पर कार्रवाई और महिला अपराधों के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर

आजमगढ़। पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह ने आजमगढ़, मऊ और बलिया के पुलिस अधिकारियों के साथ परिक्षेत्रीय कार्यालय में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों, संगठित अपराध, माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, पुलिस रिस्पांस, जनसुनवाई और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की गई। डीआईजी ने महिला संबंधी मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक बलिया डॉ. ईरज राजा उपस्थित रहे।

इसके बाद मंडलायुक्त आजमगढ़ विवेक और डीआईजी सुनील कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें आगामी चुनाव, कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई तथा गोतस्करों और अवैध शराब तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को माफियाओं के विरुद्ध सख्त कदम उठाने और न्यायालयों में लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात निदेशालय द्वारा संचालित जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) सड़क सुरक्षा कार्ययोजना की भी समीक्षा की गई। डीआईजी और मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

मंडलीय समीक्षा बैठक में परिक्षेत्र के सभी जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।