रेलवे स्टेशन, रोडवेज, होटल-ढाबों और प्रमुख चौराहों पर संदिग्धों की जांच, गो-तस्करी व नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के निर्देश
बलिया। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन के निर्देशों के अनुपालन में बलिया पुलिस ने 28/29 अक्टूबर की रात जनपदभर में व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में चले इस अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना रहा।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने स्वयं कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन बलिया समेत विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर चेकिंग अभियान का जायजा लिया। इस दौरान रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड, होटल, ढाबों, लॉज और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने विशेष रूप से गो-तस्करी, अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने पर जोर दिया। उन्होंने चेकिंग के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा का ध्यान रखने तथा लोगों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा और क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन, रोडवेज सहित विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर जांच की। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने नगरा थाना क्षेत्र में तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बांसडीह क्षेत्र में चेकिंग अभियान का जायजा लिया। यातायात पुलिस ने भी कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की।
इसके अतिरिक्त जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ सघन चेकिंग की। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की गई तथा लाउड हेलर के माध्यम से सुरक्षा एवं सतर्कता संबंधी निर्देश प्रसारित किए गए।
बलिया पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए चेकिंग एवं निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।






.jpg)

