जेपी के विचार आज भी प्रासंगिक, उनके आदर्शों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : नितिन गडकरी


125वीं जयंती पर सिताब दियारा और जयप्रकाश नगर में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा, नेताओं ने किया लोकनायक को नमन

बैरिया (बलिया)। संपूर्ण क्रांति के प्रणेता और समाज के पुरोधा लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 125वीं जयंती पर रविवार को सिताब दियारा और जयप्रकाश नगर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उन्होंने आजीवन राष्ट्रवादी विचारधारा और सिद्धांतों के साथ गरीबों, वंचितों, युवाओं तथा ग्रामीण समाज के हितों के लिए कार्य किया। उनके आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

श्री गडकरी रविवार को सिताब दियारा के लाल टोला स्थित जयप्रभा राष्ट्रीय ट्रस्ट परिसर में आयोजित समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने की उनकी इच्छा थी, लेकिन नवरात्र के पहले दिन पारिवारिक परंपरा के अनुसार मां दुर्गा की स्थापना के कारण वह उपस्थित नहीं हो सके। इसके लिए उन्होंने क्षमा भी मांगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरा-बैरिया फोरलेन सड़क और महुली सड़क पुल के शिलान्यास के लिए क्षेत्र में आएंगे।

पूर्व सांसद एवं जयप्रभा राष्ट्रीय ट्रस्ट के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के विचार कल भी प्रासंगिक थे, आज भी हैं और भविष्य में भी रहेंगे। उन्होंने कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ ट्रस्ट परिसर में कुटीर उद्योगों की इकाइयां स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जेपी को गांव, किसान, गरीब, खेत और खलिहान की हमेशा चिंता रहती थी। उनके विचारों और बताए रास्ते पर चलकर ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को देशभक्त संगठन बताते हुए कहा कि लोकनायक भी उसके समर्थक थे।

कार्यक्रम में आलोक सिंह, स्वयं प्रकाश सिंह, ब्लॉक प्रमुख कन्हैया सिंह, मोहन सिंह और जयप्रकाश साहू ने भी अपने विचार रखे। पूर्व प्रमुख अनिरुद्ध यादव, मृत्युंजय तिवारी बबलू, चंद्रबदन मिश्रा, प्रशांत उपाध्याय, विजय बहादुर सिंह, निरंजन सिंह और राकेश सिंह सहित अन्य लोगों ने लोकनायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यालय के बच्चों ने प्रभातफेरी निकालकर ‘लोकनायक अमर रहें’ के नारे लगाए।

उधर, जयप्रकाश नगर स्थित जयप्रकाश नारायण स्मारक ट्रस्ट परिसर में भी लोकनायक की 125वीं जयंती पर सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें सांसद नीरज शेखर, पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह पप्पू, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह और विजयालक्ष्मी सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने लोकनायक के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।

इस अवसर पर भाजपा नेता चंद्रबदन मिश्रा, कांग्रेस नेता विनोद सिंह, निर्भय नारायण सिंह, अमिताभ उपाध्याय, सपा विधानसभा अध्यक्ष दशरथ यादव, व्यास जी गोंड और विद्यासागर यादव सहित अन्य लोगों ने लोकनायक को श्रद्धांजलि अर्पित की। अतिथियों का स्वागत भाजपा नेता एवं समाजसेवी सूर्यभान सिंह ने किया, जबकि स्मारक ट्रस्ट के व्यवस्थापक अशोक सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

लोकनायक जयप्रकाश नारायण का जीवन संघर्ष, जनसेवा, सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उनकी जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में वक्ताओं ने उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा गरीबों, किसानों, युवाओं और वंचितों के हितों के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया।