बोले-बलिया नगर मेरी जन्म और कर्मभूमि, पार्टी नेतृत्व से इसी सीट से प्रत्याशी बनाने का आग्रह
बलिया। जिले की राजनीति में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज होने लगी है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि वे बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र के अलावा किसी अन्य सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से भी आगामी विधानसभा चुनाव में बलिया नगर से ही प्रत्याशी बनाए जाने का आग्रह किया है।
मंगलवार की रात पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल का जन्मदिन उनके कार्यालय पर मनाया गया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी प्राथमिकता सामने रखी। उन्होंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ता हैं और पार्टी नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा, उसका पालन करेंगे।
पूर्व मंत्री ने बताया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया था कि बैरिया विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र उनकी जन्म और कर्मभूमि है, इसलिए उनकी स्वाभाविक प्राथमिकता यही सीट है।
आनंद स्वरूप शुक्ल ने कहा कि उन्होंने पिछले पांच वर्षों के दौरान बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक और राज्यमंत्री के रूप में कार्य किया है। इसी आधार पर उन्होंने पार्टी नेतृत्व के समक्ष आगामी विधानसभा चुनाव में बलिया नगर से ही चुनाव लड़ने की इच्छा रखी है।
उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया कि वह भाजपा के अनुशासित कार्यकर्ता हैं और संगठन का निर्णय उनके लिए सर्वोपरि है। पार्टी नेतृत्व उन्हें जो जिम्मेदारी देगा, वह उसका पालन करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि चुनाव लड़ने की स्थिति में उनकी प्राथमिकता केवल बलिया नगर विधानसभा सीट होगी।






.jpg)

