बलिया : सुनील मौर्य बने सपा के जिलाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में दौड़ी खुशी की लहर


राष्ट्रीय नेतृत्व के फैसले का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का लिया संकल्प

बलिया। समाजवादी पार्टी के जिला संगठन में सुनील कुमार मौर्य को जिलाध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है। कार्यकर्ताओं ने उनके मनोनयन का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया है।

केंद्रीय कार्यालय से जारी मनोनयन पत्र के आधार पर जिला प्रवक्ता सुशील पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने सुनील कुमार मौर्य को जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि एक सामान्य और संघर्षशील कार्यकर्ता को संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपकर राष्ट्रीय नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि सुनील कुमार मौर्य के जिलाध्यक्ष बनने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा। उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का कार्य करेगी।

जिला प्रवक्ता ने कहा कि मिशन-2027 को लेकर समाजवादी पार्टी संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियों को आगे बढ़ा रही है। बलिया में कार्यकर्ताओं की एकजुटता और संगठन की सक्रियता के साथ पार्टी सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में मजबूती से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि नए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।