बाढ़ प्रभावित बलिया का जायजा लेने आज पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


हवाई सर्वेक्षण के बाद गलाफरपुर में बाढ़ प्रभावितों से करेंगे मुलाकात, राहत सामग्री का करेंगे वितरण

बलिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार, 29 अगस्त को बलिया के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री राजकीय हेलीकाप्टर से बलिया पहुंचेंगे और सबसे पहले बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद वे बांसडीह तहसील के ग्राम गलाफरपुर स्थित बाढ़ प्रभावित शिविर पहुंचकर प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे तथा उन्हें राहत सामग्री वितरित करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 12:25 बजे राजकीय हेलीकाप्टर से मझौली हेलीपैड, देवरिया से प्रस्थान करेंगे। इसके बाद 12:25 बजे से 12:55 बजे तक बलिया जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री 12:55 बजे ग्राम गलाफरपुर, तहसील बांसडीह स्थित हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे और लगभग 13:00 बजे हेलीपैड पर पहुंचेंगे।

हेलीपैड से मुख्यमंत्री कार द्वारा 13:05 बजे ग्राम गलाफरपुर स्थित बाढ़ प्रभावित शिविर पहुंचेंगे। यहां वे बाढ़ की विभीषिका झेल रहे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और परिस्थितियों की जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री वितरण भी शामिल है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार करीब 13:35 बजे मुख्यमंत्री राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम के बाद शिविर से प्रस्थान करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री कार द्वारा ग्राम गलाफरपुर स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे और करीब 13:45 बजे राजकीय हेलीकाप्टर से अगले गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, बाढ़ प्रभावित शिविर तथा आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।

मुख्यमंत्री के हवाई सर्वेक्षण से बलिया में बाढ़ की मौजूदा स्थिति, प्रभावित इलाकों और राहत-बचाव कार्यों की जमीनी तस्वीर सामने आएगी। वहीं बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधे संवाद और राहत सामग्री वितरण के माध्यम से सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का संदेश भी जाएगा। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय है और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ अन्य आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।