आज 29 अगस्त को मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर बलिया में भारी वाहनों के रूट डायवर्जन


29 अगस्त को सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक कई मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन रहेगा प्रतिबंधित

बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 29 अगस्त को प्रस्तावित बलिया दौरे को लेकर जिला पुलिस एवं यातायात विभाग ने सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। मुख्यमंत्री के आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर 29 अगस्त को सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक निर्धारित स्थानों से भारी वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस द्वारा जारी रूट डायवर्जन के अनुसार सुखपुरा चौराहा पर सिकंदरपुर और गड़वार की तरफ से सुखपुरा, बांसडीह कचहरी होते हुए बैरिया की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रोका जाएगा। सुखपुरा से बांसडीह कचहरी होते हुए बैरिया की ओर भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

इसी प्रकार थाना बैरिया क्षेत्र के चिरैया मोड़ पर बैरिया की ओर से रेवती, सहतवार और बांसडीह की तरफ जाने वाले सभी भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी।

बांसडीह तिराहा, थाना बांसडीह कोतवाली से सहतवार कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले मार्ग पर कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों के अतिरिक्त सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं बांसडीह रोड स्टेशन तिराहा, थाना बांसडीह रोड से सहतवार कार्यक्रम स्थल की तरफ भी भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया जाएगा।

इसके अलावा हल्दी बाजार स्थित बद्री सिंह चौराहा, थाना हल्दी से सहतवार कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले मार्ग पर भी कार्यक्रम में जाने वाले वाहनों को छोड़कर अन्य सभी भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान रूट डायवर्जन का पालन करें और प्रतिबंधित मार्गों पर भारी वाहन लेकर न जाएं। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस एवं यातायात विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।