बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने जारी किया जलस्तर का ताजा आंकड़ा
बलिया। जिले में गंगा और सरयू (घाघरा) नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष, बलिया द्वारा 24 अगस्त 2026 को जारी नदी के जलस्तर एवं वर्षा प्रतिवेदन के अनुसार गंगा, सरयू (घाघरा) और टोंस नदी के विभिन्न गेज स्थलों पर जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है।
बक्सर गेज स्थल पर गंगा का जलस्तर 59.59 मीटर दर्ज किया गया, जबकि यहां खतरे का बिंदु 60.320 मीटर है। गायघाट में गंगा का जलस्तर 58.91 मीटर दर्ज हुआ, जो 57.615 मीटर के खतरे के निशान से ऊपर है।
सरयू (घाघरा) नदी के डीएसपी हेड (तुर्तीपार) पर जलस्तर 64.41 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का बिंदु 64.010 मीटर है। इसी प्रकार चांदपुर में जलस्तर 58.76 मीटर और मांझी में 55.80 मीटर दर्ज किया गया। दोनों स्थानों पर भी पिछले मापन की तुलना में जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है।
टोंस नदी के पिपरा घाट पर जलस्तर 59.90 मीटर दर्ज किया गया। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के आंकड़ों के अनुसार विभिन्न गेज स्थलों पर नदियों की प्रवृत्ति बढ़ाव की ओर बनी हुई है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की जरूरत है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


