लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 17 आईएएस अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडलों को भी नए मंडलायुक्त मिले हैं।
संगीता सिंह बनीं मुरादाबाद की मंडलायुक्त
अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह का तबादला करते हुए उन्हें मुरादाबाद मंडल का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं राजस्व परिषद, प्रयागराज में तैनात ओम प्रकाश आर्य को अलीगढ़ का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।
आयुष और ग्राम्य विकास विभाग में भी बदलाव
गौरी शंकर प्रियदर्शी को महानिदेशक, आयुष एवं मिशन निदेशक, राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। चैत्रा वी. को सदस्य (प्रशासनिक), राजस्व परिषद, लखनऊ नियुक्त किया गया है। वहीं प्रमोद कुमार उपाध्याय को आयुक्त, ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश बनाया गया है।
जल निगम में भी नई तैनाती
रवींद्र कुमार को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) एवं राज्य मिशन निदेशक, अमृत के पद से मुक्त कर दिया गया है। मासूम अली सरवर को इन पदों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डॉ. राज शेखर को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) से हटाकर सचिव, नियोजन विभाग तथा महानिदेशक, अर्थ एवं संख्या, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। योगेश कुमार को उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
सहकारिता समेत अन्य विभागों में भी फेरबदल
कुमार प्रशांत को आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता बनाया गया है। गुरर्ला श्रीनिवासुलु को सचिव, उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग, अमृत पाल कौर को संयुक्त प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड तथा देवेंद्र कुमार पाण्डेय को विशेष सचिव, उपभोक्ता मामले विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
विवेक श्रीवास्तव को विशेष सचिव, पशुधन विभाग, अमृत त्रिपाठी को सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद, प्रयागराज तथा ओम प्रकाश राय को विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग में तैनात किया गया है। वहीं नवनीत सेहारा को संयुक्त प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड के पद से मुक्त कर दिया गया है।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन स्तर पर विभागीय कामकाज को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

