बलिया में गंगा-सरयू के जलस्तर में बढ़ाव, बाढ़ का खतरा बढ़ा


बलिया। जिले में गंगा और सरयू (घाघरा) नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ाव दर्ज किया गया है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष, बलिया सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की ओर से 22 अगस्त 2026 को जारी नदी जलस्तर एवं वर्षा प्रतिवेदन के अनुसार गंगा और सरयू की विभिन्न निगरानी स्थलों पर पानी बढ़ रहा है। इससे तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।

रिपोर्ट के अनुसार गंगा नदी का बक्सर गेज स्थल पर सुबह आठ बजे जलस्तर 59.30 मीटर दर्ज किया गया, जबकि गायघाट में जलस्तर 58.75 मीटर रहा। दोनों स्थानों पर नदी की प्रवृत्ति बढ़ाव की दर्ज की गई है। गायघाट का खतरा बिंदु 57.615 मीटर निर्धारित है, ऐसे में यहां जलस्तर खतरा बिंदु से ऊपर बना हुआ है।

सरयू (घाघरा) नदी के डीएसपी हेड तुर्तीपार में सुबह आठ बजे जलस्तर 64.50 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरा बिंदु 64.010 मीटर है। चाॅदपुर में जलस्तर 58.56 मीटर और मांझी में 55.60 मीटर दर्ज किया गया। इन सभी निगरानी स्थलों पर नदी की प्रवृत्ति बढ़ाव की बताई गई है।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट में टोंस नदी के पिपरा घाट पर भी जलस्तर में बढ़ाव दर्ज किया गया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा भी दर्ज की गई है। नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण तंत्र को सक्रिय रखा गया है और नदी की स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है।

प्रशासन की नजर नदी के जलस्तर पर

नदियों के जलस्तर में हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा नियमित रूप से जलस्तर की निगरानी की जा रही है। तटवर्ती गांवों में रहने वाले लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की जा रही है। विभागीय स्तर पर जलस्तर में होने वाले परिवर्तन की लगातार रिपोर्ट तैयार की जा रही है।