मेरठ समेत सात जिलों के बदले पुलिस कप्तान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में बृहस्पतिवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। डीजीपी मुख्यालय की ओर से सात जिलों के पुलिस कप्तानों समेत कुल नौ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। इस फेरबदल में मेरठ, झांसी, सुल्तानपुर, गोंडा, बिजनौर, संभल और बलरामपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है।
गोंडा के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर का नया एसपी बनाया गया है, जबकि सुल्तानपुर की एसपी चारू निगम को यूपी-112 में नई जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, पुलिस के बल प्रयोग को लेकर विवादों में रहे मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय को डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। झांसी के एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ का नया एसएसपी बनाया गया है।
इसी क्रम में बिजनौर के एसपी अभिषेक को गोंडा का नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है। बलरामपुर के एसपी विकास कुमार को झांसी का एसएसपी बनाया गया है। संभल के एसपी केके बिश्नोई को बिजनौर की कमान सौंपी गई है।
आईपीएस बनने के बाद बाराबंकी में एएसपी रहे विकास चन्द्र त्रिपाठी को संभल का नया एसपी बनाया गया है। वहीं हरदोई में एएसपी रहे मार्तण्ड प्रकाश सिंह को आईपीएस बनने के बाद बलरामपुर का एसपी नियुक्त किया गया है।
शासन स्तर पर किए गए इस फेरबदल को पुलिस प्रशासन में कसावट लाने और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। तबादलों के जरिए कई जिलों में नए नेतृत्व को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को मुख्यालय और महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों में तैनाती मिली है। माना जा रहा है कि नई तैनातियों के बाद संबंधित जिलों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर नई रणनीति के साथ काम तेज होगा।


