बलिया। जिला सेवायोजन कार्यालय, बलिया की ओर से बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 20 अगस्त 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला श्री योगेन्द्र नाथ प्राइवेट आईटीआई, आवास विकास कॉलोनी, हरपुर, बलिया में सुबह 10:30 बजे से आयोजित होगा।
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कंपनी विजन इंडिया द्वारा जीएमआरएफ एवं शुब्रोश प्राइवेट लिमिटेड में विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया साक्षात्कार के माध्यम से पूरी की जाएगी।
कंपनी द्वारा निर्धारित शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, इंटरमीडिएट अथवा आईटीआई पास रखी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 15,500 रुपये से लेकर 28,500 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। रोजगार का कार्यस्थल नोएडा एवं अहमदाबाद, गुजरात रहेगा। इसमें 18 से 26 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे।
जिला सेवायोजन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले सभी अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकृत अभ्यर्थियों का कैंपस चयन भी रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
जिला सेवायोजन कार्यालय ने जिले के योग्य एवं इच्छुक बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर रोजगार मेले में प्रतिभाग करें और उपलब्ध रोजगार अवसर का लाभ उठाएं।

