*अमूल्य सांस्कृतिक परंपरा है रक्षाबंधन*
बलिया। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर रविवार को परिवहन मंत्री एवं नगर विधायक दयाशंकर सिंह के सौजन्य से नगर स्थित एक निजी मैरेज हाल में राखी मिलन समारोह एवं बहनों के विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं और बहनों ने सहभागिता की। बहनों ने परिवहन मंत्री को राखी बांधकर उनके दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं मंत्री दयाशंकर सिंह ने सभी बहनों को उपहार भेंटकर उनका आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर मंडल अध्यक्ष सोनी तिवारी ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को राखी बांधकर किया। इसके बाद महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंत्री को राखी बांधी। पूरे समारोह में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और आपसी स्नेह की झलक देखने को मिली।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में विश्वास, स्नेह, सम्मान और संकल्प का प्रतीक है। भाई-बहन का यह पवित्र रिश्ता हमारी अमूल्य सांस्कृतिक परंपरा है। इसी भावना को मजबूत करने और बहनों के सम्मान के उद्देश्य से राखी मिलन समारोह का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और समाज के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। बहनों का स्नेह और आशीर्वाद परिवार को मजबूती देने के साथ-साथ समाज में आपसी विश्वास और सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि बहनों के मान-सम्मान और सुरक्षा के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं सोनी तिवारी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सहयोग को मजबूत करने वाला पर्व है। यह पर्व एक-दूसरे के प्रति सम्मान, सुरक्षा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देता है। राखी मिलन समारोह बहनों के सम्मान और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को समर्पित रहा।
समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी रही। उपस्थित महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए परिवहन मंत्री को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान भाई-बहन के रिश्ते में स्नेह, सम्मान और विश्वास की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। समारोह ने सामाजिक समरसता और महिला सम्मान की भावना को भी मजबूती प्रदान की।






