*घाघरा कटान पर डीएम सख्त, बोले— हर हाल में बचाना है महाराजपुर गांव*
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को तहसील बांसडीह के ग्राम चांदपुर एवं महाराजपुर पहुंचकर घाघरा नदी से हो रहे कटान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर कटान की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बाढ़ खंड के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि कटान रोकने के लिए 17 कटर लगाए गए हैं। प्रत्येक कटर की चौड़ाई 12 मीटर, ऊंचाई 4 मीटर तथा लंबाई 8 मीटर है। इसके अलावा कटान निरोधक कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की धनराशि भी प्राप्त हो चुकी है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि महाराजपुर गांव को हर हाल में कटान से सुरक्षित रखना प्राथमिकता है। उन्होंने बाढ़ खंड अधिकारी को निर्देशित किया कि घाघरा नदी की धारा को मोड़ने के लिए जिओट्यूब (Geotube) की समुचित व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नदी में जिओट्यूब डालने से जलधारा का रुख बदलेगा, जिससे कटान की आशंका काफी हद तक कम होगी।
डीएम ने बताया कि आने वाले दिनों में घाघरा नदी का जलस्तर लगभग दो मीटर तक बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सभी बचाव एवं सुरक्षा कार्य समय रहते पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बाढ़ एवं कटान से बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी के निरीक्षण से क्षेत्रीय ग्रामीणों में कटान से बचाव को लेकर प्रशासनिक सक्रियता का भरोसा बढ़ा है। प्रशासन ने भी आश्वस्त किया कि संभावित बाढ़ और कटान की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। निरीक्षण में बांसडीह विधायिका केतकी सिंह, अधिशासी अभियंता बाढ़ खण्ड एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।


0 Comments