बलिया। जिलाधिकारी के निर्देशन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन के मार्गदर्शन में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरली छपरा में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवजात बालिकाओं एवं उनकी माताओं का स्वागत कर कन्या जन्म का उत्सव मनाया गया।
इस अवसर पर नवजात बालिकाओं को बेबी किट, मच्छरदानी, डायपर, मिष्ठान एवं जलपान वितरित किया गया। साथ ही उपस्थित परिवारों को बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, सुरक्षा तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवनीति सिंह, डीएमसी अंजली सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट निकिता सिंह, सुमेश कुमार सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। सभी ने नवजात बालिकाओं और उनके परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए बेटियों के सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण का संदेश दिया। साथ ही बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, कन्या जन्म को उत्सव के रूप में मनाने की परंपरा को बढ़ावा देना तथा बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। अधिकारियों ने कहा कि बेटियों को समान अवसर और सम्मान देकर ही एक सशक्त एवं समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है।



0 Comments