बलिया। नगर पालिका परिषद बलिया के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय हरे राम चौधरी के निधन पर समाजवादी पार्टी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे जनपद की सामाजिक और राजनीतिक जगत की अपूरणीय क्षति बताया है। पार्टी के नेताओं ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व, जनसेवा और सामाजिक योगदान को स्मरण किया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने अपने शोक संदेश में कहा कि हरे राम चौधरी से उनका संबंध विद्यार्थी जीवन से था। आपातकाल के दौरान दोनों ने एक साथ जेल भी काटी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधाराएं अलग होने के बावजूद दोनों परिवारों के बीच आत्मीय संबंध हमेशा बने रहे। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
बलिया लोकसभा सांसद सनातन पाण्डेय ने कहा कि स्वर्गीय हरे राम चौधरी एक कुशल राजनीतिज्ञ, सरल एवं सौम्य व्यक्तित्व के धनी थे। वे सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाले जननेता थे और संबंधों को निभाने की उनकी शैली सदैव प्रेरणादायी रहेगी।
समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील पाण्डेय 'कान्हजी' ने कहा कि स्वर्गीय हरे राम चौधरी से उनके परिवार का पीढ़ियों पुराना संबंध रहा है। बचपन से उनके स्नेह और मार्गदर्शन का अवसर मिला। उनका व्यवहार अत्यंत सरल, मधुर और आत्मीय था। उनका निधन मेरे लिए भी व्यक्तिगत दुःख का विषय है।
समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह ने कहा कि स्वर्गीय हरे राम चौधरी शत-प्रतिशत राजनीतिक व्यक्ति थे। समाज के हर वर्ग के लोगों से उनका आत्मीय जुड़ाव था और वे सभी के प्रिय नेता थे।
इस अवसर पर डॉ. विश्राम यादव, बीरबल राम, मदन राय, जितेंद्र यादव, शैलेश सिंह सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।


0 Comments