प्रवर्तन और सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई, कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी मिला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (एआरटीओ) के तबादले एवं नई तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। विभागीय प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने और प्रवर्तन के साथ सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कुल 14 अधिकारियों को विभिन्न जनपदों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार आकिब खुर्शीद को ललितपुर, फराज अहमद सिद्दीकी को महोबा, हुमा परवीन को इटावा, अभिषेक सिंह को चंदौली (द्वितीय दल), धर्मेंद्र कुशवाहा को देवरिया, सुधा को सोनभद्र (प्रथम दल), सुधीर कुमार यादव को हमीरपुर (प्रथम दल) तथा यावर तौफीक को वाराणसी (प्रथम दल) में एआरटीओ (प्रवर्तन) के पद पर तैनात किया गया है।

इसके अलावा सौम्या कुलश्रेष्ठ को वाराणसी में एआरटीओ (सड़क सुरक्षा) के साथ प्रवर्तन द्वितीय दल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वहीं मोहक दुबे को बाराबंकी, आस्था बंसल को लखनऊ, तनु हरि को गोरखपुर, सान्या को अलीगढ़ तथा धर्मेंद्र कुमार को बस्ती में एआरटीओ (सड़क सुरक्षा) के साथ संबंधित प्रवर्तन दल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

परिवहन विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल को सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई तैनाती के बाद संबंधित अधिकारी शीघ्र ही अपने-अपने कार्यभार ग्रहण करेंगे।