अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पूर्वोत्तर रेलवे में योगमय रहा माहौल


लखनऊ मंडल के स्टेशनों, रनिंग रूम, चिकित्सालयों एवं संस्थानों में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, डीआरएम ने कर्मियों से योग अपनाने का किया आह्वान

लखनऊ, 21 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में "स्वस्थ आयु के लिए योग" थीम के तहत व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कोचिंग डिपो, रनिंग रूम, लॉबी, चिकित्सालयों तथा मनोरंजन संस्थानों में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।

रेलवे अधिकारी क्लब ‘संस्कृति’ बंदरियाबाग में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं उनके परिवारजनों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का सर्वश्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से अपने व्यस्त जीवन में प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने और इसे अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग के नियमित अभ्यास से अनेक शारीरिक एवं मानसिक रोगों से बचाव संभव है तथा यह स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की आधारशिला है।

इसके अलावा रेलवे मनोरंजन संस्थान बादशाहनगर, ऐशबाग, अवध रनिंग रूम लखनऊ जंक्शन, गोरखपुर जंक्शन, रेलवे मनोरंजन संस्थान गोण्डा, डीजल लॉबी गोरखपुर, रेलवे चिकित्सालयों, रेलवे सुरक्षा बल की बैरकों तथा विभिन्न स्टेशनों पर भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित रेलकर्मियों को त्रिकोणासन, पादहस्तासन, उष्ट्रासन, अर्धचक्रासन, शलभासन, भुजंगासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं अन्य प्राणायाम विधियों का अभ्यास कराया।


प्रशिक्षकों ने बताया कि योग उच्च रक्तचाप, गठिया, मधुमेह, हृदय रोग, गैस एवं कब्ज जैसी अनेक समस्याओं के नियंत्रण और निवारण में सहायक है। साथ ही ध्यान एवं प्राणायाम के माध्यम से मानसिक तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया जा सकता है।

कार्यक्रम के समापन पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने योग प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया। अन्य केंद्रों पर भी नामित अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षकों का सम्मान किया गया।


इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, समस्त शाखाधिकारी, भारत स्काउट एवं गाइड्स के स्वयंसेवक, रेलवे कर्मचारी तथा उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे मंडल में योग दिवस उत्साह, अनुशासन और स्वास्थ्य जागरूकता के वातावरण के बीच संपन्न हुआ। उक्त जानकारी महेश गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने दी।



Post a Comment

0 Comments