बलिया : भृगु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सीट को लेकर भिड़े दो पक्ष, 10 हिरासत में


बलिया। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर सोमवार को भृगु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सीट पर बैठने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए, जिससे स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची जीआरपी ने दोनों पक्षों के 10 लोगों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।

घटना ट्रेन संख्या 22427 की पीछे वाली जनरल बोगी के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर पहुंचने के दौरान जनरल बोगी में सीट पर बैठने को लेकर यात्रियों के बीच विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और मामला बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद यात्रियों में भी हलचल मच गई।

पुलिस अधीक्षक रेलवे, गोरखपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी रेलवे बलिया के आदेश पर उपनिरीक्षक मुकेश यादव पुलिस टीम के साथ स्टेशन क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें प्लेटफॉर्म नंबर चार पर दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हुई।

शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए जीआरपी ने दोनों पक्षों के 10 लोगों को हिरासत में ले लिया। प्रथम पक्ष से शशि कुमार, रविन्द्र राजभर, सनूप राजभर, रामप्रवेश राजभर और पंकज खरवार तथा दूसरे पक्ष से विमलेश यादव, धन्नू यादव, मंजीत यादव, विवेक कुमार गुप्ता और अनिल कुमार को हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, सभी के खिलाफ धारा 170/135/126 बीएनएसएस के तहत चालान की कार्रवाई की जा रही है। जीआरपी की त्वरित कार्रवाई से विवाद को और बढ़ने से रोक लिया गया तथा रेलवे स्टेशन पर कानून व्यवस्था बनाए रखी गई। घटना के बाद पुलिस ने यात्रियों से शांति बनाए रखने और किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना देने की अपील की।