मंडल महिला कल्याण संगठन की पहल, भीषण गर्मी में रेलकर्मियों को मिलेगी राहत
वाराणसी, 04 मई 2026। पूर्वोत्तर रेलवे का वाराणसी मंडल अपने कर्मचारियों के कल्याण के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में मंडल महिला कल्याण संगठन के सौजन्य से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित कर्मचारी अल्पहार गृह (कैंटीन) में दो टन क्षमता वाले एयर कंडीशनर (एसी) का संस्थापन किया गया।
एसी का विधिवत उद्घाटन मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी की अध्यक्षा श्रीमती वानी जैन द्वारा मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन एवं कार्यकारिणी की सदस्याओं की उपस्थिति में 04 मई 2026 को फीता काटकर एवं रिमोट के माध्यम से एसी चालू कर किया गया। इस अवसर पर संगठन की सचिव जागृति सिंह, कोषाध्यक्ष श्रीमती मधुलिका सिंह सहित अन्य सदस्याएं भी उपस्थित रहीं।
उद्घाटन के दौरान श्रीमती वानी जैन ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अल्पहार गृह में एसी की स्थापना से भीषण गर्मी और उमस के मौसम में कर्मचारियों एवं आगंतुकों को बड़ी राहत मिलेगी, जिससे उन्हें भोजनावकाश के दौरान अधिक सुविधा प्राप्त होगी। इस पहल की कर्मचारियों, विशेषकर महिला रेलकर्मियों ने सराहना करते हुए इसे कर्मचारी हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के उपरांत श्रीमती वानी जैन एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने अल्पहार गृह का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कैंटीन में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक और दो टन क्षमता का एसी लगाने तथा कैंटीन व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। इस संबंध में जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार द्वारा दी गई।





0 Comments