भाजपा की जीत पर बलिया में जश्न, ढोल-नगाड़ों संग बंटे रसगुल्ले


*पश्चिम बंगाल और असम में जीत पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों व आतिशबाजी के साथ मनाया उत्सव*

बलिया। पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत का जश्न बलिया नगर में पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के कैंप कार्यालय (नारायणी सिनेमा परिसर) पर आयोजित इस जश्न में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में खुशी का इजहार किया।

मंत्री के अनुज व भाजपा नेता धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बंगाल की पारंपरिक पहचान ‘झाल-मुढ़ी’ का स्टॉल लगाया और रसगुल्ले बांटकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए आतिशबाजी की, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया।


जश्न के दौरान सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र बना ‘झाल-मुढ़ी’ का स्टॉल और बंगाल के प्रसिद्ध रसगुल्ले, जिन्हें कार्यकर्ताओं और आम लोगों में बड़े उत्साह के साथ वितरित किया गया।

धर्मेंद्र सिंह ने इस मौके पर कहा कि पश्चिम बंगाल और असम की जीत यह साबित करती है कि देश की जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और विकास की राजनीति में अटूट है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल में परिवर्तन की लहर ने पुराने राजनीतिक दौर का अंत कर दिया है।


उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यह जीत उन सभी समर्पित कार्यकर्ताओं की है, जिन्होंने जमीनी स्तर पर कड़ी मेहनत की। बलिया में इस जश्न की गूंज ने यह भी दर्शाया कि बंगाल की राजनीति का असर उत्तर प्रदेश, विशेषकर बागी बलिया में किस तरह महसूस किया जा रहा है।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष सोनी तिवारी, कृष्णा पांडेय, विवेक सिंह, राजेश गुप्ता, श्याम जी रौनियार, सूरज सिंह, मिथिलेश सिंह, आलोक सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Post a Comment

0 Comments