लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जारी आदेश के अनुसार जय नारायण सिंह को यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, लखनऊ से स्थानांतरित कर पुलिस महानिदेशक, ईओडब्ल्यू उत्तर प्रदेश, लखनऊ बनाया गया है।
ध्रुव कान्त ठाकुर को पुलिस महानिदेशक/महासमादेष्टा, होमगार्ड उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद के साथ नागरिक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं बिनोद कुमार सिंह को सीआईडी और साइबर क्राइम के साथ यूपी-112, लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
आलोक सिंह को पीएसी मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें विशेष सुरक्षा बल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। अनुपम कुलश्रेष्ठ को कानपुर जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।
ए. सतीश गणेश को यातायात एवं सड़क सुरक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के साथ अपराध शाखा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसके अतिरिक्त डॉ. आर. के. स्वर्णकार को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, लखनऊ में अपर पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एस. के. भगत को आगरा जोन, आगरा का अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
वहीं गीता सिंह को पुलिस महानिरीक्षक, प्रशिक्षण निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था और विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



0 Comments