बलिया : मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत बाल विवाह एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


बलिया। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने हेतु जनपद बलिया में संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत रविवार को ब्लॉक गड़वार में जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्सयायन एवं नवभारती नारी विकास समिति, बहेरी के तत्वावधान में बाल विवाह की रोकथाम एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बलिया पुलिस एवं महिला कल्याण विभाग, बलिया की टीम ने सहभागिता करते हुए आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा इस सामाजिक कुरीति की रोकथाम में जनसहभागिता की महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह निषेध, बालिकाओं की शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा बाल विवाह की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने हेतु प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर सीडब्ल्यूसी सदस्य श्री अजहर, महिला सहायता प्रकोष्ठ प्रभारी उपनिरीक्षक सुश्री वीनेश, थाना एएचटी के थानाध्यक्ष श्री रतनलाल पाठक एवं उनकी टीम, थाना गड़वार के अधिकारी एवं कर्मचारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया से श्री राजीव शास्त्री एवं श्री विमलेश कुमार, हब फॉर एम्पावरमेंट से श्रीमती पूनम, महिला कल्याण विभाग, बलिया से जिला मिशन समन्वयक (DMC) सुश्री अंजलि सिंह, वन स्टॉप सेंटर से मनोज प्रजापति एमटीएस, दीवानी न्यायालय बलिया के अधिवक्ता श्री संजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बलिया पुलिस, महिला कल्याण विभाग, बलिया एवं नवभारती नारी विकास समिति बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।