लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा आयोजन
लखनऊ, 21 मई 2026। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आगामी 23 मई 2026, दिन शनिवार को प्रदेश भर के पत्रकारों का एक विशाल “पत्रकार महाकुंभ” आयोजित किया जा रहा है। इस महाकुंभ में प्रदेश के विभिन्न जिलों, तहसीलों एवं राज्य मुख्यालय से बड़ी संख्या में पत्रकार भाग लेकर वर्षों से लंबित पत्रकार हितों एवं समस्याओं पर गंभीर मंथन और चिंतन करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर किया जा रहा है, जिससे यह आयोजन और भी विशेष एवं महत्वपूर्ण बन गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ज्ञानेश पाठक ने बताया कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, लेकिन विडंबना यह है कि आज भी पत्रकारों की अनेक मूलभूत समस्याएं वर्षों से अनसुलझी पड़ी हुई हैं। इन्हीं समस्याओं को लेकर यह महाकुंभ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पत्रकार एकजुट होकर सरकार से अपनी मांगों को तत्काल लागू करने का आह्वान करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस महाकुंभ में पत्रकारों की पांच प्रमुख मांगों पर प्रस्ताव पारित कर सरकार को भेजा जाएगा। इनमें प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानजनक पेंशन व्यवस्था लागू करना, पत्रकार सुरक्षा गारंटी कानून को तत्काल प्रभाव से लागू करना, पत्रकारों एवं उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देना, शिक्षा एवं परिवहन सुविधाओं में पत्रकार परिवारों को शामिल करना तथा जिला एवं राज्य मुख्यालयों पर पत्रकारों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना प्रमुख हैं।
महाकुंभ में विशेष रूप से यह भी मांग उठाई जाएगी कि केवल मान्यता प्राप्त पत्रकार ही नहीं, बल्कि डेस्क पर कार्य करने वाले पत्रकारों, तहसील एवं जिला स्तर के पत्रकारों को भी सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का समान लाभ मिलना चाहिए। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को लेकर यह आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वेश्वरैया सभागार (PWD), निकट जनभवन, लखनऊ में किया जाएगा। आयोजकों ने प्रदेश के सभी पत्रकारों से भारी संख्या में उपस्थित होकर इस आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की है।
उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के महासचिव ज्ञानेश पाठक ने कहा कि पत्रकारों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और यह महाकुंभ पत्रकार हितों की लड़ाई में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।


0 Comments