बलिया में पूर्व प्रधान की धारदार हथियार से हत्या, गांव में सनसनी


खेत की झोपड़ी में सो रहे थे ब्यास वर्मा, सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट; पुलिस जांच में जुटी

बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र के उंदहा गांव में गुरुवार की देर रात 65 वर्षीय पूर्व प्रधान ब्यास वर्मा की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। सिर पर किए गए जानलेवा वार के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह होते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सहतवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, ब्यास वर्मा गुरुवार रात घर पर भोजन करने के बाद अपने घर से कुछ दूरी पर खेत में बनी झोपड़ी में सोने चले गए थे। देर रात अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उनके सिर पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर पहुंचे तो झोपड़ी में उनका रक्तरंजित शव पड़ा मिला। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सहतवार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

घटना की सूचना पर सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई तथा घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल बना रहा।

मौके पर पहुंचे विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह, पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू, चेयरमैन प्रतिनिधि अजय शंकर कनक पांडेय तथा विनय शंकर तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बांसडीह श्री जय शंकर मिश्र की वीडियो बाइट 👇





Post a Comment

0 Comments