जयपुर। एस.के. जैन फिल्म प्रोडक्शन की ओर से महावीर मार्ग, सी-स्कीम स्थित के.सी.जेड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को “पिता का कर्तव्य” विषय पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई गई।
इस अवसर पर फिल्म के डायरेक्टर सुनील जैन ने बताया कि फिल्म में यह दर्शाया गया है कि एक पिता किस प्रकार कठिन परिस्थितियों में भी अपने बच्चों के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहता है।
फिल्म प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थी भावुक होने के साथ-साथ प्रेरित भी नजर आए। उन्होंने फिल्म के माध्यम से पारिवारिक मूल्यों, जिम्मेदारियों और माता-पिता के त्याग का महत्वपूर्ण संदेश ग्रहण किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार वाजा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों से कहा कि हमें अपने माता-पिता के त्याग और समर्पण को समझना चाहिए तथा उनका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को जीवन में कर्तव्यनिष्ठ बनने और अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों से फिल्म से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय के सचिव रजनीकांत पटेल द्वारा गोल्ड मेडल पहनाकर एवं पेन प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही, फिल्म के डायरेक्टर सुनील जैन को मोती की माला एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया।


0 Comments